08 June 2023,Mumbai: दक्षिण-पूर्वी ईरान में आतंकवादियों के एक समूह ने एक पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमला किया, जिसमें दो अधिकारियों की मौत हो गई। सरकारी टीवी ने शनिवार को यह जानकारी दी है।
एक सशस्त्र समूह ने देश की राजधानी तेहरान से लगभग 500 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत के एक शहर जाहेदान में एक पुलिस स्टेशन पर हमला किया और दो पुलिसकर्मी की हत्या कर दी। हालांकि, इसमें चार आतंकियों के मारे जाने की भी खबर है।
30 सितंबर, 2022 को प्रदर्शनकारियों की हत्या के बाद से जाहेदान साप्ताहिक विरोध प्रदर्शन का स्थल रहा है, जबकि देश के अधिकांश अन्य हिस्सों में अशांति कम हो गई है। इंटरनेशनल मीडिया ने कहा है कि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई में लगभग 66 लोगों की जान ले ली है। अधिकारियों ने जाहेदान के पुलिस कमांडर और एक पुलिस स्टेशन प्रमुख को बाद में बर्खास्त कर दिया। अधिकारियों ने 30 सितंबर को गोलीबारी की शुरुआत के लिए जैश अल-अदल या आर्मी ऑफ जस्टिस को जिम्मेदार ठहराया, जो एक बलूच आतंकवादी समूह है।
इससे पहले भी एक बार ईरान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में हुए आत्मघाती बम से हमला हुआ था, जिसमें लगभग 27 रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स की मौत हो गई। हमलावरों ने सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में रिवॉल्यूशनरी गार्ड को ले जा रही बस पर हमला किया था। साथ ही, इस हमले में 20 से अधिक गार्ड जख्मी भई हो गए थे।