हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए AAP हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि वे 90 सीटों के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर शाम तक गठबंधन की कोई जानकारी नहीं मिलती है, तो पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची शाम तक जारी कर देगी।
रविवार को मीडिया से बातचीत में सुशील गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के किसी भी फैसले का समर्थन हम करेंगे। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी एक मजबूत दल है और हमारे संयम को कमजोरी न समझा जाए। हम इंडिया गठबंधन के सहयोगी हैं और उम्मीद है कि गठबंधन सम्मानजनक तरीके से आगे बढ़ेगा। गुप्ता ने कहा कि AAP हरियाणा में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरी है, और हमारी तैयारी सभी 90 सीटों पर पूरी है। पार्टी के हर कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र में मजबूत स्थिति में है। इसके अलावा, बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं से भी संपर्क में हैं, और जिनके पास अच्छा इमेज होगा, उन्हें हम अपने साथ ले सकते हैं।
कांग्रेस-AAP गठबंधन पर संजय सिंह की टिप्पणी
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने आज प्रत्याशियों की सूची जारी करने की बात कही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए AAP नेता संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए हमारी पूरी तैयारी है और उम्मीदवारों की घोषणा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जैसे ही संगठन या राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से मंजूरी मिलती है, हम सूची का ऐलान कर देंगे। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल है और हरियाणा में हमारे पास एक मजबूत संगठन है। पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार हम अपने कदम आगे बढ़ाएंगे।
कांग्रेस-AAP गठबंधन की खबरों पर सीएम सैनी का बयान
रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस-AAP गठबंधन की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोनों दल भयभीत हैं और भ्रष्टाचार में फंसे हुए हैं। सैनी ने दावा किया कि हरियाणा की जनता ने तय कर लिया है कि चाहे कांग्रेस एक गठबंधन करे या दस, उसका सूपड़ा साफ होगा। बीजेपी हरियाणा में तीसरी बार बड़ी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।