8th May 2023, Mumbai: जिला मुख्यालय समीप मासलपुर थाना क्षेत्र के टटवाई गांव में राशन वितरण करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या हो गई. युवक की हत्या का आरोप राशन डीलर पर लगाया है. पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है.
मासलपुर थानाधिकारी परसोत्तम ने बताया की देशराज पुत्र अमान जाटव निवासी छाबर, टटवाई गांव में राशन डीलर है. बताया कि आरोपी टटवाई गांव में राशन वितरण का काम कर रहा था. इस दौरान मृतक जितेंद्र पुत्र महेंद्र उम्र 40 साल निवासी टटवाई दुकान पर आया और बिनेगा गांव के लोगों को राशन वितरण का विरोध करने लगा. इस दौरान राशन डीलर और युवक में कहासुनी हो गई. कहासुनी में आरोपी राशन डीलर देशराज ने जितेंद्र को धक्का मार दिया. जितेंद्र का सिर एक पाटौर पोश मकान से जाकर टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को परिजन और आसपास मौजूद लोग करौली हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना पर मासलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया तथा लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली. करौली हॉस्पिटल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया है. घटनास्थल पर पुलिस तैनात है. पुलिस टीम गठित कर आरोपी डीलर की तलाश में जुटी है. थाना अधिकारी ने बताया कि मृतक के भाई सुनील ने एफआईआर दर्ज कराई है. एफआइआर में बताया कि राशन डीलर देशराज ने उसके भाई की मार पीट कर हत्या कर दी.

